हिन्दी के सुप्रसिद्ध गीतकार, पद्मभूषण गोपालदास नीरज के आकस्मिक निधन पर हिन्दी भवन द्वारा रविवार, 29 जुलाई, 2018 को ,प्रयाण उत्सव’ का आयोजन किया गया। जिसमें हिन्दी के अनेक साहित्यकार, कविताप्रेमी एवं अनेक पत्रकार उपस्थित थे।
हिन्दी भवन के मंत्री एवं वरिष्ठ व्यंग्यकार डॉ. गोविन्द व्यास ने नीरजजी के निधन पर दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि समस्त भारत का साहित्य जगत नीरजजी के देहांत से आहत है। नीरज के संस्मरण सुनाते हुए उन्होंने कहा कि नीरजजी कवि के साथ-साथ बहुत बड़े दार्शनिक भी थे।
प्रयाण उत्सव में जहां सर्वश्री बालस्वरूप राही, रामनिवास जाजू, अशोक चक्रधर एवं डॉ. शेरजंग गर्ग ने नीरजजी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर संस्मरण सुनाए वहीं दूसरी ओर उपस्थित कवियों ने भी उन्हें अपने काव्यमयी श्रद्धासुमन अर्पित किए।
काव्यमयी श्रद्धांजलि देने वालों में प्रमुख थे सर्वश्री विष्णु सक्सेना, गजेन्द्र सोलंकी, सीता सागर, पवन दीक्षित, मनीषा शुक्ला, चिराग जैन, प्रवीन शुक्ल, कीर्र्र्र्ति काले, मनोहर मनोज, गुणवीर राणा, ज्ञानप्रकाश आकुल, आनंद क्रांतिवर्धन, महेन्द्र शर्मा, सर्वेश चंदौसवी, महेन्द्र अजनबी, अरुण जैमिनी, शंशाक प्रभाकर, अंजु जैन, ऋतु गोयल तथा अशोक स्वतंत्र आदि।